‘रणभूमि धरा यह’
#गीत
रणभूमि धरा यह कर्मों की, जो बोया है उसे काटना।
सत्य-सार हो जन्म यहाँ पर, मिलकर करिए यही कामना।
लांघी जातीं जब सीमाएँ,
लेखा-जोखा सत्य मर्म का।
खंडित करते मर्यादा को,
प्रतिवेदन हो धर्म-कर्म का।
शोध करें प्रतिशोध मिटाकर, दण्ड-नीति का करें सामना।
रणभूमि धरा यह कर्मों की, जो बोया है उसे काटना।
अंत नहीं इस पाप-पुण्य का,
फल करनी का सहे स्वयं ही।
नियति सुनाती निर्णय अपने।,
क्रूर ग्रहों से दहे स्वयं ही।
दण्ड-न्याय की कठिन लेखनी, नहीं सुने जो व्यर्थ याचना।
रणभूमि धरा यह कर्मों की, जो बोया है उसे काटना।
‘लता प्रेम’ की सूनी चौखट,
एकाकी जीवन ही साधन।
पीड़ा बनकर तड़प जगाती,
दण्ड-विरह की पूजा पावन।
तपे आग में जैसे कुंदन, प्रभु की सच्ची नियति साधना।
रणभूमि धरा यह कर्मों की, जो बोया है उसे काटना।
*****************डॉ.प्रेमलता त्रिपाठी


